भारत की ऑलराउंडर दीप्ति ने कहा, हम दूसरे दिन जल्दी स्ट्राइक करने की कोशिश करेंगे, शुरुआती एक घंटा महत्वपूर्ण

भारतीय क्रिकेट टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा कि दूसरे दिन का पहला घंटा महत्वपूर्ण होगा और मेहमान टीम यहां एकमात्र महिला टेस्ट में इंग्लैंड को दबाव में लाने की कोशिश करेगी।
भारत ने अपनी पहली पारी में स्मृति मंधाना (83), हरमनप्रीत कौर (58) और दीप्ति (57) के अर्धशतकों की बदौलत 285 रन बनाए। मेहमान टीम ने इसके बाद सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट को स्टंप से पहले आउट कर दिया जिससे इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 21 रन हो गया।
दीप्ति ने शुक्रवार को पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा, ‘शुरुआती एक घंटा काफी महत्वपूर्ण है।
“मुझे लगता है कि कुल योग अच्छा है। अगर 20-25 रन और होते तो अतिरिक्त अंतर होता। लेकिन कल हम जितनी जल्दी विकेट लेंगे, हमारे लिए उतना ही बेहतर होगा।
इंग्लैंड की बायें हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने तीन विकेट चटकाए और सतह पर उतार-चढ़ाव का फायदा उठाया और दीप्ति को उम्मीद है कि पिच गेंदबाजों की मदद करना जारी रखेगी।
उन्होंने कहा, ‘विकेट थोड़ा मुड़ रहा है और कभी-कभी नीचे भी रहता है। विकेट एक जैसा नहीं है। हमें तैयार रहना होगा कि गेंद कब उछल सकती है और कब नीचे रह सकती है। कल का दिन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा, ‘हम अपनी गेंदबाजी की ताकत पर अधिक ध्यान देंगे। आज के विकेट की तरह हमें थोड़ा टर्न मिल रहा था। लेकिन कभी-कभी गेंद कम रहती थी तो कभी उछाल भी आती थी। यह कल हमारी मदद करेगा। लेकिन हमें अपने सही क्षेत्रों पर ध्यान देना होगा। हमें लगातार गेंदबाजी जारी रखनी होगी।
निचले मध्य क्रम में महत्वपूर्ण साझेदारी करने वाली दीप्ति ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को मंच तैयार करने का श्रेय दिया।
उन्होंने कहा, ‘यह अच्छा लगता है कि मैं अहम समय पर यह साझेदारी कर पाया। सारा श्रेय हमारे 3-4 बल्लेबाजों को जाता है जिन्होंने अच्छी शुरुआत दी। जेमी (जेमिमा), हरि दी (हरमनप्रीत) और स्मृति। उन्होंने पारी को बहुत अच्छी तरह से बनाया।



