
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने खेतिहर मजदूर गुलजार सिंह की मौत को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर बुधवार को तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि सरकार की नाकामियों पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ डराने-धमकाने का ‘खतरनाक पैटर्न’ है।
उन्होंने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के तत्काल इस्तीफे की मांग की और गुलजार की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की स्वतंत्र जांच की मांग की। राहुल ने इस मामले में दर्ज एफआईआर में चीमा का नाम भी शामिल करने की मांग की।
खेतिहर मजदूर गुलजार सिंह की मौत के मामले में चार गिरफ्तार
उन्होंने आरोप लगाया कि गुलजार ने अपने बेटे को नशे की लत का शिकार होते देखा था और पंजाब में नशीले पदार्थों के कारोबार को रोकने में सरकार की अक्षमता पर वित्त मंत्री से सवाल किया था। राहुल के अनुसार, गुलजार को बाद में अपमान और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा और माफी मांगने के लिए दबाव डाला गया, जिससे अंततः उन्हें अपनी जान लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। राहुल ने आरोप लगाया, ”पंजाब की आप सरकार खतरनाक पैटर्न दिखा रही है, सरकार से उसकी विफलताओं पर सवाल करें और प्रतिक्रिया धमकी और यातना है।
इस बीच, आप के वरिष्ठ नेता और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बुधवार को राहुल पर निशाना साधते हुए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर प्रभावित परिवार और स्थानीय निवासियों की भावनाओं का सम्मान करने के बजाय एक दुखद घटना का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
गोयल ने मीडियाकर्मियों से कहा, “राहुल गांधी ने ड्रग्स और उनके खिलाफ कार्रवाई के बारे में बात की है, लेकिन मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि अगर किसी सरकार ने पंजाब में नशे के खतरे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है, तो वह आप सरकार है। आपकी पार्टी 2017 में चार सप्ताह के भीतर ड्रग्स को खत्म करने का वादा करके सत्ता में आई थी। आपके पास सरकार में पांच साल थे। उस अवधि के दौरान आपने क्या किया?


