उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसा: 6 मृतकों का शव बरामद, ऋषिकेश-एम्स भेजा गया

उत्तराखंड में जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए सभी छह लोगों के शव रविवार सुबह ऋषिकेश के एम्स में भेजे गए।
शुक्रवार को जोशीमठ के चाई गांव के पास एक पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जब वह बद्रीनाथ मंदिर से देहरादून लौट रहा था।
शवों को सड़क मार्ग से जोशीमठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर को हेलीकॉप्टर से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश भेज दिया गया।
जिला प्रशासन ने कहा कि भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से दुर्गम और ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच तलाशी अभियान चलाया।
जिला प्रशासन की ओर से रविवार को जारी एक बयान में कहा गया है, ‘सभी छह मृतकों के शवों को बचाव दलों ने कठिन पहाड़ी रास्तों पर पैदल ही बाहर निकाला।
हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शुक्रवार को अभियान शुरू किया गया था, लेकिन दुर्गम इलाके और दूरस्थ स्थान के कारण, टीमों को ऑपरेशन पूरा करने में 24 घंटे से अधिक का समय लगा।



