जबलपुर: होटल में पत्नी को दूसरे पुरुष के साथ देख भड़का पति, जमकर हंगामा; सड़क पर मारपीट में कपड़े फटे

जबलपुर के राइट टाउन स्थित होटल टिमटिम में रविवार दोपहर महिला के अपने परिचित पुरुष के साथ पहुंचने के बाद उसका पति भी वहां पहुंच गया। दोनों को होटल में साथ देखकर पति ने विरोध किया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर होटल के बाहर सड़क तक हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर मदनमहल पुलिस मौके पर पहुंची और महिला, उसके पति तथा उसके साथ आए पुरुष को थाने ले गई।
चार साल से पति-पत्नी के बीच विवाद
जानकारी के मुताबिक, रईस अहमद और उसकी पत्नी के बीच करीब चार साल से विवाद चल रहा है। रविवार दोपहर करीब एक बजे महिला दद्दा परिसर-टेलीग्राफ गेट नंबर चार रोड की अंदरूनी गली में स्थित होटल पहुंची थी। कुछ देर बाद उसका पति भी वहां पहुंच गया
पति को पहले से संदेह था कि पत्नी किसी पुरुष से चोरी-छिपे फोन पर बातचीत करती है। होटल में उसे एक पुरुष के साथ देखने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच हाथापाई भी हुई। पति ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सार्वजनिक रूप से तलाक देने की बात कही।

