राष्ट्रीय

पुणे में 9 साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न, हत्या पड़ोसी को पकड़ा गया

महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस में रहने वाली नौ साल की एक बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार दोपहर जुन्नार तहसील के पिंपलवंडी गांव में हुई और 25 वर्षीय आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने इस घटना को ‘बेहद चौंकाने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया और पुलिस को गहन जांच करने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पवार ने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में कराने का आग्रह करेंगी।

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप गिल ने कहा कि आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को जानते थे।

उन्होंने कहा, ”आरोपी और पीड़िता दोनों एक ही पड़ोस में रहते थे और एक ही समुदाय के थे।

दोपहर में जब लड़की टीवी देख रही थी तो वह व्यक्ति उसके घर गया और उसे अमरूद देने के बहाने उसे बहला-फुसलाकर ले गया। गिल ने बताया कि वह कथित तौर पर लड़की को पास के एक खेत में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।

शाम को जब लड़की नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश की और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज की जांच और विश्लेषण के दौरान, यह पाया गया कि लड़की आरोपी के साथ थी। इसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने कबूल कर लिया और हमें गन्ने के खेत में अपराध स्थल दिखाया।

बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।

डिप्टी सीएम पवार ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने एसपी गिल से फोन पर बात की और जांच की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस प्रशासन को पारदर्शी और गहन जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button