
बेला थाना क्षेत्र के फेज-1 स्थित नारायणपुर इलाके में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खाद और सीमेंट गोदाम के पीछे झाड़ियों से एक सुरक्षा गार्ड का शव बरामद किया गया। मृतक का शव अर्धनग्न अवस्था में पाया गया है, जिससे इलाके में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बेला थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पटना से विधि विज्ञान प्रयोगशाला की विशेष टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है।
पुलिस मामले के हर बिंदु पर गहनता से कर रही छानबीन
पुलिस ने बताया कि मृतक काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नीम चौक का बताया जा रहा है। वह शहर के एक नामचीन उद्योगपति सह कारोबारी के यहां निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात था। सुबह जब लोगों ने गोदाम के पिछले हिस्से में शव देखा, तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। इधर, बेला थाना पुलिस मामले के हर बिंदु पर गहनता से छानबीन कर रही है।
थानाध्यक्ष प्रीतेश गिरी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि वारदात को किसने और कब अंजाम दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और एफएसएल की जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा।


