खेल

Ajinkya Rahane Retirement : कोहली ने रहाणे को पसंदीदा बल्लेबाजी साझेदार बताया, तेंदुलकर ने की शानदार करियर की सराहना

Ajinkya Rahane Retirement : स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अजिंक्य राहणे की तारीफ करते हुए उन्हें अपना ‘पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार’ बताया। वहीं महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने उनके करियर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कभी ‘महत्वपूर्ण पलों का पीछा नहीं किया।

भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेले के तीन साल बाद 38 वर्षीय राहणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने 2011 से 2023 के बीच भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 एकदिवसीय और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। कोहली और राहणे ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी करते हुए 10 शतकीय और 19 अर्धशतकीय साझेदारियां कीं। उनकी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 365 रन की रही जिसमें कोहली ने 211 और राहणे ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 188 रन की पारी खेली।

मेरे पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार: कोहली

कोहली ने ‘एक्स’ पर लिखा कि जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई। आपने भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार योगदान दिया है और अपनी यात्रा पर गर्व कर सकते हैं। स्लिप में सबसे सुरक्षित खिलाड़ियों में से एक और मेरे पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार। आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।

शानदार करियर के लिए बधाई: तेंदुलकर

तेंदुलकर ने उस समय को याद किया जब उन्होंने मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी में पहली बार इस प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज के साथ बल्लेबाजी की थी। तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा कि शानदार करियर के लिए बधाई। जब हमने पहली बार मुंबई के लिए साथ बल्लेबाजी की तब मैंने ऐसे खिलाड़ी को देखा जो कभी महत्वपूर्ण पलों का पीछा नहीं करता था।

वे पल खुद आपके पास आए क्योंकि आप टीम के लिए कड़ी मेहनत करने को तैयार रहते थे। यही गुण ऑस्ट्रेलिया में आपकी सबसे यादगार उपलब्धि की पहचान बना। आपने दिखाया कि धैर्य आक्रामकता का विपरीत नहीं है, बल्कि अक्सर वही किसी टीम को निडर होकर खेलने का आत्मविश्वास देता है। शानदार करियर के लिए बधाई। आपको और आपके परिवार को भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button