Share Market News: घरेलू बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 726 अंक उछलकर 77,471 पर, निफ्टी 24,189 के पार

Share Market News: घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी ने बुधवार को शुरुआती कारोबार में जोरदार वापसी की। आईटी कंपनियों तथा एचडीएफसी बैंक के शेयर की लिवाली और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ताजा खरीदारी से घरेलू बाजारों को समर्थन मिला।
बीएसई सेंसेक्स 726.13 अंक चढ़कर 77,471.26 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 203.50 अंक की बढ़त के साथ 24,189.05 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल और एचसीएल टेक के शेयर सबसे अधिक बढ़त में रहे।
वहीं, इंटरग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 7.85 प्रतिशत गिरावट में कारोबार कर रहा है।
जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट भी नुकसान में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 87.68 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 755.33 करोड़ रुपये के शेयर की शुद्ध खरीदारी की। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 69.86 अंक और एनएसई निफ्टी 10.60 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
रुपया शुरुआती कारोबार में पांच पैसे मजबूत होकर 95.77 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में लगातार चौथे सत्र में मजबूत रुख के साथ पांच पैसे चढ़कर 95.77 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के कारण भी स्थानीय मुद्रा को समर्थन मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.70 प्रति डॉलर पर खुला।
बाद में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.77 पर आ गया जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया मंगलवार को 17 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.82 पर बंद हुआ था।
इससे पहले लगातार दो कारोबारी सत्रों में इसमें कुल 74 पैसे की मजबूती आई थी। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.14 पर रहा।


