
नगर परिषद के नवनियुक्त प्रधान रितेश बंसल की अध्यक्षता में आयोजित हाउस की पहली बैठक को कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित कर दिया गया। बैठक में 31 पार्षदों में से केवल 9 पार्षद ही उपस्थित हुए, जिसके चलते कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। इस मीटिंग में विधायका राजपुरा नीना मित्तल भी मौजूद रहीं।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में नगर परिषद प्रधान रितेश बंसल ने कहा कि शहर के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से यह बैठक बुलाई गई थी, लेकिन कई निर्वाचित पार्षद इसमें शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि विकास संबंधी बैठक में उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने बताया कि अब अगली हाउस बैठक 3 अगस्त को बुलाई गई है, जिसमें विकास कार्यों से जुड़े एजेंडे पर चर्चा कर उन्हें पारित किया जाएगा, ताकि शहर के रुके हुए विकास कार्य दोबारा शुरू हो सके।
इस मौके पर कांग्रेस विधायक नीना मित्तल ने भी बैठक में पार्षदों की अनुपस्थिति पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए बुलाई गई बैठक में निर्वाचित पार्षदों का शामिल न होना निराशाजनक है। उनका आरोप था कि कुछ लोग विकास कार्यों से जुड़े एजेंडे को पारित नहीं होने देना चाहते थे, इसलिए बैठक में आने के बजाय बाहर अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन करते रहे। भाजपा नेताओं के विरोध प्रदर्शन संबंधी प्रश्न पर विधायक ने कहा कि विपक्ष केवल राजनीतिक ड्रामा कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और अगली बैठक नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आयोजित की जाएगी, जिसमें विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव पारित कर शहर के विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।



