राजनीति

कन्नौज में राजनीतिक द्वंद्व, अखिलेश यादव का पुतला फूंकने पहुंचे हिंन्दुस्तान आजाद मंच के सदस्य, सपाइयों ने जमकर पीटा

 विभिन्न मुद्दों को लेकर हिन्दुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष को शनिवार सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और स्व. मुलायम सिंह यादव के खिलाफ विरोध करना महंगा पड़ा। मकरंद नगर तिराहा पर विरोध प्रदर्शन कर पुतला फूंकने के लिए पहुंचे हिंदुस्तान आजाद मंच के नेता मुकेश पाल देशबंधु को सपा नेत्री ने पुलिस की मौजूदगी में थप्पड़ जड़ा, इसके बाद सपाइयों ने उन्हें जमकर पीटा।

तमाशबीन बनी कोतवाली पुलिस कुछ देर बाद बीच बचाव करने उतरी और दोनों पक्षों को अलग कराया। घटना के करीब 25 मिनट बाद कोतवाल के मौके पर पहुंचते ही सपाई वहां से निकल लिए और एसपी कार्यालय पहुंचे।

हिन्दुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पाल देशबंधु काफी समय से सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रीतियों नीतियों को लेकर विरोध में रहते हैं, उनके खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर लगातार भड़काऊ बयान भी दिया करते हैं। इसे लेकर सपा कार्यकर्ता भी जवाब में बयान देते हैं। यह क्रम काफी समय से चल रहा है।

शनिवार को मुकेश पाल सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव का पुतला फुंकने के लिए अपने कुछ समर्थकों के साथ मकरंद नगर तिराहा पहुंचे थे। सूचना पर वहां पुलिस बल भी मौजूद था।

बताते हैं कि तभी वहां सपा नेत्री शशिमा दोहरे व अन्य सपा कार्यकर्ता भी पहुंच गए। मुकेश यादव की नारेबाजी व बयान बाजी सुनकर सपा नेत्री ने पुलिस की मौजूदगी में दो तीन थप्पड़ जड़ दिए। फिर क्या था मौजूद अन्य सपा कार्यकर्ताओं ने भी उन पर अपना हाथ साफ कर लिया।

इससे मुकेश वहीं जमीन पर गिर गए। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। उन्हें उठाते हुए बीच बचाव शुरू किया। हंगामा देख वहां लोगों का मजमा लग गया। यह देख मुकेश के साथ मौजूद लोग भाग खड़े हुए। इधर सपा नेत्री ने मुकेश को दोबारा पुनरावृत्ति करने पर चप्पलों से मारने की धमकी दी। इस बीच अफरा तफरी का माहौल बना रहा।

घटना के करीब 25 मिनट बाद कोतवाल जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। इसी के साथ सपाई भी वहां से निकल लिए। घटना के कुछ समय बाद सपा नेता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने हिन्दुस्तान आजाद मंच राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए पार्टी मुखिया के खिलाफ प्रदर्शन व भड़काऊ बयान देकर उकसाने का आरोप लगाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button