राजनीति

‘खरगे के बयान पर माफी मांगने के बजाय उनका बचाव कर रही कांग्रेस’, PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनाथ का निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को खरगे द्वारा की गई टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि यह बयान भारत का अपमान है और राजनीति की गरिमा पर हमला है।

राजनाथ सिंह ने कहा, ‘मेरा मानना है कि यह सिर्फ किसी व्यक्ति या परिवार का अपमान नहीं, बल्कि पूरे भारत का अपमान है। यह राजनीति की गरिमा पर भी प्रहार है। लोकतंत्र में आप अपना विरोध जता सकते हैं, नीतियों पर सवाल उठा सकते हैं और सरकार की आलोचना कर सकते हैं, लेकिन कृपया, व्यक्तिगत मर्यादा की सीमाएं न लांघें।

मेरी यही सलाह है। आज कांग्रेस न केवल राजनीतिक रूप से कमजोर हुई है, बल्कि मेरी नजर में, वैचारिक रूप से भी उसका पतन हुआ है। कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि लोकतंत्र में जनता सब कुछ देखती है और सही समय आने पर इसका करारा जवाब देती है।

मैं कांग्रेस को यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी ऐसी टिप्पणियों से न तो विचलित होंगे और न ही जनता की सेवा करने के उनके संकल्प में कोई कमी आएगी।’

गलती मानने के बजाय भावनाओं को आहत कर रही कांग्रेस- राजनाथ सिंह

उन्होंने कांग्रेस पर खरगे द्वारा की गई इन टिप्पणियों को सही ठहराने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘कांग्रेस यहीं नहीं रुकी, वे अब खरगे के शब्दों को सही ठहराने की कोशिश करके लोगों की भावनाओं को और अधिक आहत कर रहे हैं। अपनी गलती मानने और खेद जताने के बजाय, कांग्रेस इस बयान का बचाव करने और इसे सही ठहराने में लगी है’।

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह टिप्पणी पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री कृष्ण सिन्हा की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उस वक्त की, जब वहां मौजूद एक व्यक्ति ने खरगे के भाषण के बीच में टोकते हुए कहा कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे। जिस पर खरगे ने पीएम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की।

यह बहुत दुखद है। कल पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के बारे में जो टिप्पणी की, उससे मैं स्तब्ध और बहुत दुखी हूं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button